पटना, 10 जुलाई 2026: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में मरीजों को अत्याधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी महीने पीएमसीएच के नए रेडियोलॉजी भवन में दो अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन और एक रिसर्च आधारित एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। पीएमसीएच में अत्याधुनिक सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनों की स्थापना बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगी। इससे मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और कम लागत पर बेहतर जांच सुविधा अपने ही राज्य में उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि मरीजों को इलाज और जांच के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े तथा सभी आधुनिक सुविधाएं बिहार में ही उपलब्ध हों।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस महीने के अंत तक नए रेडियोलॉजी भवन में दो सीटी स्कैन और एक एमआरआई मशीन का इंस्टॉलेशन पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इन मशीनों से मरीजों की जांच शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बिहार में पहली बार ऐसी आधुनिक मशीनें लगाई जा रही हैं, जिनका उपयोग केवल मरीजों की जांच के लिए ही नहीं, बल्कि विभिन्न बीमारियों पर शोध (रिसर्च) के लिए भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नई एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनों की क्षमता वर्तमान मशीनों की तुलना में कहीं अधिक होगी। प्रत्येक मशीन से 24 घंटे में औसतन 100 से अधिक मरीजों की जांच की जा सकेगी। इससे मरीजों की लंबी प्रतीक्षा समाप्त होगी और जांच रिपोर्ट भी पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। मशीनों के सुचारू संचालन के लिए जल्द ही आउटसोर्सिंग के माध्यम से प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की नियुक्ति की जाएगी।
अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि एमआरआई व सीटी स्कैन मशीन के संचालन के लिए बीएमकआईसीएल ने कार्यबल देने का निर्णय लिया है। जल्द ही रोगी कल्याण समिति के साथ बैठक का आयोजन किया जायेगा। जिसमें आसानी से मरीजों के जांच के लिए न्यूनतम रेट का निर्धारण किया जायेगा।
पीएमसीएच में जांच सेवाओं के लगातार विस्तार का सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहा है। जून माह में अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में 2,34,018 से अधिक जांचें सफलतापूर्वक की गईं, जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नई मशीनों के शुरू होने के बाद जांच सेवाओं की क्षमता में और वृद्धि होगी तथा मरीजों को एक ही परिसर में अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध जांच उपलब्ध हो सकेगी।
ये भी देखे: बाल हृदय योजना के तहत 28 बच्चों को निःशुल्क ईलाज के लिए भेजा गया अहमदाबाद- निशांत कुमार