वॉशिंगटन, 08 जुलाई 2026: अमेरिका ने मंगलवार को ईरान को दी गई तेल संबंधी प्रतिबंधों में छूट को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। इस छूट के तहत ईरान से ऊर्जा खरीदने पर अमेरिकी प्रतिबंध नहीं लगाए जाते थे।
यह फैसला होर्मुज स्ट्रेट में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में ईरान पर नए अमेरिकी हमलों और दोनों देशों के बीच हुए सीजफायर समझौते के हफ्तों बाद लिया गया है।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने ठीक उसी दिन यह ऐलान किया, जिस दिन अमेरिकी सेना ने ईरान पर दोबारा हमले शुरू किए। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने कहा कि यह कदम होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने के लिए तेहरान को सजा देने के मकसद से उठाया गया है।
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा, “जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रशासन बार-बार कह चुका है, ईरान के साथ किया गया समझौता पूरी तरह प्रदर्शन आधारित है। ईरान को इसका लाभ तभी मिलेगा, जब वह अच्छा व्यवहार करेगा।”
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के तहत ट्रंप प्रशासन ने जून के अंत में ईरान को यह 60 दिनों की छूट दी थी, जो 21 अगस्त तक लागू रहनी थी।
ये भी देखें: अमेरिका ने ईरान पर किए बड़े एयरस्ट्राइक, 80 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया