सातवीं बार विमेंस टी-20 विश्व कप जीता ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया

by Manu
Australian Womens T20 World Cup

लंदन, 06 जुलाई 2026: ऑस्ट्रेलिया ने सातवीं बार विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 151 रन का लक्ष्य 17 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बेथ मूनी ने 49 गेंदों पर 64 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। इसमें 10 चौके शामिल रहे।

फीबी लिचफील्ड ने 35 गेंदों पर 48 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी। अंत में एलिस पेरी (13*) और एश्ले गार्डनर (3*) ने टीम को जीत दिलाई। इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल, चार्ली डीन और सोफी एक्लस्टन ने 1-1 विकेट लिए। इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 150 रन बनाए।

कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने नाबाद 58 रन और फ्रेया कैम्प ने नाबाद 44 रन की पारी खेली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से लूसी हैमिल्टन, एनाबेल सदरलैंड, सोफी मोलिन्यू और किम गार्थ ने 1-1 विकेट लिया।

ये भी देखे: भारत को विमेंस टी-20 विश्व कप 2026 में मिली पहली हार, साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट से हराया

You may also like