बिहार में सहकारी चीनी मिलों की सदस्यता के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च, 30 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

by Manu
प्रत्यय अमृत

मधुबनी, 02 जुलाई 2026: आज मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सकरी (मधुबनी) एवं रैयाम (दरभंगा) में सहकारी चीनी मिलों के स्तर पर गठित होने वाले प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों की सदस्यता हेतु विकसित ऑनलाइन वेब पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, निबंधक सहयोग समितियाँ रजनीश कुमार सिंह, अपर निबंधक विकास कुमार बरियार उपस्थित रहें।

सहकारिता विभाग विकसित वेब पोर्टल

https://esahkari.bihar.gov.in/coop/Sugarcane पर जाकर इच्छुक पात्र किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाईन आवेदन के माध्यम से किसान प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के सदस्य बन सकते हैं। समिति के सदस्य बनने वाले किसानों को गन्ना उत्पादन हेतु आवश्यक कृषि आदानों की उपलब्धता, तकनीकी मार्गदर्शन, मिट्टी परीक्षण, कृषि एवं गन्ना विकास से संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ, राज्य सरकार की नीति के अनुरूप गन्ने की खरीद तथा गन्ना मूल्य भुगतान में पारदर्शिता जैसी सुविधाएँ भी समिति के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव, बिहार प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रस्तावित दोनों सहकारी चीनी मिलें न केवल राज्य की औद्योगिक परियोजनाएँ हैं, बल्कि क्षेत्र के किसानों के आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण विकास का आधार बनेंगी। डिजिटल माध्यम से सदस्यता प्रक्रिया प्रारंभ होने से किसानों को पारदर्शी, सरल एवं सुगम तरीके से समिति का सदस्य बनने का अवसर मिल सकेगा।

दोनों चीनी मिलों की स्थापना हेतु राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लि० (NFCSF), नई दिल्ली द्वारा संभाव्यता प्रतिवेदन एवं विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) विभाग को समर्पित किया जा चुका है। चीनी मिल के स्थापना हेतु आगे की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

सदस्यता हेतु विकसित वेब पोर्टल किसानों को घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा प्रदान करेगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध होगी। सदस्यता के लिए इच्छुक किसान की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा वह संबंधित आयोजन क्षेत्र का निवासी एवं गन्ना उत्पादक अथवा आगामी दो पेराई मौसम में गन्ना उत्पादन हेतु प्रतिबद्ध होना चाहिए।

सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए न्यूनतम 100 डिसमिल तथा आरक्षित श्रेणी एवं महिला किसानों के लिए 50 डिसमिल भूमि पर गन्ना उत्पादन अथवा उत्पादन की प्रतिबद्धता आवश्यक होगी। एक परिवार से केवल एक सदस्य आवेदन कर सकेगा।

इन दोनों चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गन्ना उत्पादक किसानों को सम्मिलित कर प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति का गठन किया जा रहा है। गन्ना उद्योग विभाग द्वारा रैयाम प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति (प्रस्तावित) के कार्यक्षेत्र अंतर्गत कुल 1018 ग्राम तथा सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति (प्रस्तावित) के कार्यक्षेत्र अंतर्गत कुल 1383 ग्राम आच्छादित किए गए हैं।

उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र किसानों से इस ऐतिहासिक पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया।

आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए संबंधित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं गठित ऑर्गेनाइजर कमेटी से भी संपर्क किया जा सकता है। सदस्यता आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। सभी पात्र किसानों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने का अनुरोध किया गया है।

ये भी देखे: बिहार में स्थानीय व्यवसायियों के लिए बड़ा मौका, खास ऑनलाइन पोर्टल लांच

You may also like