भागलपुर, 26 जून 2026: भागलपुर कोर्ट परिसर में अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडिशनल जज राज नारायण निगम ने की। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों, कर्मचारियों और मौजूद अन्य लोगों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प किया।
एडिशनल जज राज नारायण निगम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज के लिए बेहद घातक है। इससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ समाज के हर व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली। शपथ में उन्होंने संकल्प लिया कि वे खुद कभी नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार और परिचितों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करेंगे तथा कार्यालय परिसर को नशामुक्त रखने के लिए सहयोग करेंगे।
ये भी देखे: बिहार अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन कार्यक्रम के अंतर्गत वर्किंग लेवल विजनिंग कार्यशाला आयोजित