NCERT ने कक्षा-9 की सामाजिक विज्ञान पुस्तक में जोड़ा SIR और EC, चुनावी प्रक्रिया के बारे में पढ़ेंगे स्टूडेंट्स

by Manu
SIR and EC in NCERT

नई दिल्ली, 26 जून 2026: NCERT ने कक्षा-9 की सामाजिक विज्ञान की पुस्तकों में एक और अध्याय शामिल किया है। इस नए अध्याय में छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) और चुनाव आयोग के बारे में विस्तार से पढ़ाया जाएगा।

नई किताब में भारत की चुनावी प्रक्रिया को ‘बेमिसाल’ बताया गया है। पुस्तक के अनुसार, चुनाव आयोग देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के साथ-साथ मतदाता सूची तैयार करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण काम करता है।

इस किताब में पहली बार स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर अलग अध्याय जोड़ा गया है। इसमें SIR का उद्देश्य स्पष्ट किया गया है। SIR के जरिए मतदाता सूची को अपडेट किया जाता है, उसकी जांच होती है और अशुद्धियों को दूर किया जाता है।

NCERT के मुताबिक, इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित होता है कि कोई योग्य मतदाता वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे और कोई अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो सके। SIR के दौरान 18 वर्ष पूरे करने वाले नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं। वहीं मृत व्यक्तियों, स्थान बदलने वाले लोगों और दोबारा नाम दर्ज होने वाले मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए जाते हैं। अंतिम मतदाता सूची जारी करने से पहले लोगों से दावे और आपत्तियां भी मांगी जाती हैं ताकि गलतियां समय रहते सुधारी जा सकें।

नई पुस्तक में चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए EVM, VVPAT, मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट और मतदाता जागरूकता अभियान जैसे उपायों का भी जिक्र है।

किताब में छात्रों के लिए एक गतिविधि भी दी गई है। इसमें उन्हें 1977, 1999, 2004, 2009, 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद बनी गठबंधन सरकारों का अध्ययन करने को कहा गया है।

ये भी देखे: NCERT ने क्लास 8 की सोशल साइंस किताब से ज्यूडिशियरी चैप्टर पर मांगी बिना शर्त माफी, पूरी किताब वापस ली

You may also like