राबड़ी देवी ने वापस की पूरी सुरक्षा, तेजस्वी यादव ने भी Y+ सुरक्षा लौटाई, बंगले के बाहर डंडे लेकर खड़े हुए कार्यकर्ता

by Manu
राबड़ी देवी सुरक्षा

पटना, 6 जून 2026: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार सुबह अपने आवास से सारी सुरक्षा हटा दी। उन्होंने बंगले के बाहर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को वापस कर दिया।

इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता रोहिणी आचार्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राबड़ी देवी के आवास पहुंचने की अपील की। उनके आवास पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। गेट पर एक कार्यकर्ता डंडा लेकर खड़ा है और जहां पहले पुलिसकर्मी बैठते थे, वहां अब पार्टी नेता नजर आ रहे हैं।

राबड़ी देवी के इस कदम के बाद उनके पुत्र और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी Y+ श्रेणी की सुरक्षा वापस कर दी है।

रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा, “तमाम लालूवादियों से मेरी अपील है कि आप सब भारी संख्या में राबड़ी देवी जी के आधिकारिक आवास पहुंचकर बदले की भावना से काम रहे मुख्यमंत्री को ये सीधा, साफ और कड़ा संदेश दें कि आप सब ही लालू परिवार की असली सुरक्षा और ढाल हैं। पूरा देश और पूरा बिहार देख रहा है कि कैसे बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है।”

दरअसल, दो दिन पहले बिहार सरकार ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी। सरकार के इस फैसले से राबड़ी देवी काफी नाराज थीं।

ये भी देखे: नौकरी के बदले जमीन घोटाला: ईडी दफ्तर पहुंचीं राबड़ी देवी, तेजप्रताप यादव से भी हो सकती है पूछताछ

You may also like