चंडीगढ़, 23 अक्टूबर 2026: उत्तराखंड के नयी टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के अपमान पर घमासान मचा है। दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह समेत फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े नाम दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर आए हैं और उनके साथ हुए बर्ताव को गलत ठहरा रहे हैं।
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद काफी विवाद हो गया। मीका सिंह समेत कई हस्तियों ने मंत्री से माफी की मांग की है। अब खबर सामने आई है कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद फोन करके सिंगर दलेर मेहंदी से बातचीत की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया, “प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी जी से फोन पर वार्ता कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान विगत दिनों हुए घटनाक्रम के संबंध में भी चर्चा हुई। देवभूमि उत्तराखण्ड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। हमारी लोकसंस्कृति आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। यहां कला संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है। हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।”
पिछले रविवार को दलेर मेहंदी को उत्तराखंड के नयी टिहरी में नवरात्र पर परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर अपना आपा खो दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने शराब पी रखी है इसलिए वे गा नहीं पा रहे हैं। मीका सिंह ने इसपर आपत्ति जताई और साबित करने को कहा कि दलेर मेहंदी ने ड्रिंकिंग की थी।
ये भी देखे: पंजाब में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत, 371 एम्बुलेंस का नेटवर्क, 108 और 112 पर मिलेगी निःशुल्क सेवा