चंडीगढ़, 21 मई 2026: चंडीगढ़ में बुधवार को फिर बम धमकी का मामला सामने आया है। चितकारा स्कूल, स्ट्राबेरी स्कूल और डीपीएस स्कूल समेत कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
धमकी भरे ईमेल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी नाम लिया गया है। ईमेल में दावा किया गया है कि स्कूलों में दोपहर 1:11 बजे और सीएम सैनी के कार्यालय में 3:11 बजे धमाके होंगे।
इसके अलावा 6 जून तक अंबाला-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर धमाके करने की भी धमकी दी गई है। ईमेल में चंडीगढ़ को खालिस्तान बनाने की साजिश का जिक्र किया गया है।
धमकी भरे संदेश में लिखा है कि हमारा बच्चों से कोई बैर नहीं है। ईमेल के अंत में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम लिखा गया है। उसी व्यक्ति का नाम भी दर्ज है, जिसके नाम से पहले भी ऐसी धमकियां भेजी जा चुकी हैं।
ये भी देखे: BREAKING: चंडीगढ़ में डीसी दफ्तर और पंजाब यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी