पटना, 12 मई 2026: समाज कल्याण विभाग की माननीय मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता की अध्यक्षता में आज ICDS निदेशालय की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ICDS निदेशालय की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों की प्रगति, आंगनबाड़ी सेवाओं की स्थिति एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग श्री एच. आर. श्रीनिवास एवं निदेशक (ICDS) द्वारा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों एवं वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी माननीय मंत्री को दी गई। समीक्षा बैठक में ICDS के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने निर्देश दिया कि किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही अगले एक वर्ष का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश भी दिया गया।
माननीय मंत्री ने ICDS के लिए एक समर्पित टोल फ्री नंबर जारी करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे लाभुकों एवं आमजन की शिकायतों एवं सुझावों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने विभाग में रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में माननीय मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली तथा मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर बल दिया।
माननीय मंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लाभुकों तक पहुंचे तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वित एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया।
ये भी देखे: फार्मर रजिस्ट्री के दूसरे चरण की शुरूआत, बिहार के सभी किसानों की फार्मर ID बनाना हमारा संकल्प