पटना में 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी, बिहार में 9 लोगों की मौत, 20 जिलों में अलर्ट

by Manu
बिहार आंधी

पटना, 09 मई 2026: बिहार में पिछले 10 दिनों से लगातार तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को राजधानी पटना में 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी।

इस प्राकृतिक आपदा में पूरे राज्य में पेड़ गिरने और बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें सबसे ज्यादा 4 मौतें पटना में हुई हैं।

शुक्रवार को मात्र 30 मिनट की बारिश और तूफान ने पटना का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। राजधानी में 200 से अधिक पेड़ गिर गए, जबकि पूरे जिले में 600 से ज्यादा पेड़ों के गिरने की सूचना है। तेज हवाओं से 50 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

सड़कों पर पेड़ और होर्डिंग गिरने से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई जगहों पर दो किलोमीटर की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे से ज्यादा समय लग गया। देर रात तक शहर के कई इलाकों में भारी जाम की स्थिति बनी रही।

इस जाम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी फंस गए। उन्हें अपनी कार छोड़कर बाइक से आगे जाना पड़ा।

मौसम विभाग ने शनिवार को पटना सहित 20 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। विभाग के अनुसार 11 मई तक राज्य में यह मौसम की खराब स्थिति बनी रह सकती है।

ये भी देखे: Bihar Weather: बिहार में मौसम बदला, तेज बारिश और आंधी, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

You may also like