मुंगेर, 20 मार्च 2026: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मुंगेर जिले के सफियाबाद से भागलपुर तक करीब 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से मरीन ड्राइव का निर्माण किया जा रहा है। यह परियोजना राज्य में पर्यटन और बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देने वाली अहम कड़ी साबित होगी।
सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान मुंगेर जिले के सफियाबाद हवाई अड्डा परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तेजी से काम कर रही है। सफियाबाद से भागलपुर तक बनने वाली मरीन ड्राइव के अलावा रक्सौल से हल्दिया तक एक्सप्रेसवे का निर्माण भी जारी है। इस एक्सप्रेसवे के बनने से मुंगेर से कोलकाता की दूरी महज 5 से 6 घंटे में तय हो सकेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न्याय यात्रा प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के माध्यम से बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने मुंगेर जिले के बदलते चेहरे का जिक्र करते हुए बताया कि पहले कई जिलों के अलग होने के बाद मुंगेर छोटा और संसाधनहीन जिला बन गया था। टापू जैसी स्थिति में था लेकिन अब यहां विकास के नए कीर्तिमान गढ़े जा रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने मुंगेर में सड़कों के व्यापक विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अब रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे का काम शुरू हो गया है जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में नई गति आएगी। इसके अलावा मुंगेर से मिर्चाचौकी तक सड़क निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।
ये भी देखे: RJD विधायक ने डिप्टी CM सम्राट चौधरी को कहा ‘बुलडोजर बाबा’, चौधरी ने दिया तीखा जवाब