अमृतसर, 31 दिसंबर 2025: अमृतसर जिले के गांव बलकलां में सोमवार शाम फायरिंग की घटना में 22 वर्षीय युवक सिमरनजीत सिंह की मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का इलाज अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में चल रहा है।
घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ शाम को जंज घर में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस के दौरान युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली घायल युवक के पैर में लगी जबकि दूसरी गोली उसके साथी सिमरनजीत सिंह के सीने में लग गई। सिमरनजीत सिंह मौके पर ही दम तोड़ चुके थे।
पुलिस के अनुसार यह घटना दो पक्षों के बीच पुराने विवाद के चलते हुई है। फायरिंग के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मामले में हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखे: Amritsar News: अमृतसर में दिनदहाड़े वकील पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत गंभीर