चमोली में THDC सुरंग हादसा, दो लोको ट्रेनों की टक्कर से 60 मजदूर घायल

by Manu
THDC Tunnel Accident

चमोली, 31 दिसंबर 2025: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में THDC जल विद्युत परियोजना की टीवीएम साइट पर मंगलवार (30 दिसंबर) को बड़ा हादसा हो गया। शिफ्ट चेंज के दौरान सुरंग के अंदर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस टक्कर में करीब 60 मजदूर घायल हो गए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हादसा सुरंग के भीतर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई मजदूर बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि लगभग 100 मजदूर प्रभावित हुए। इनमें से 42 घायलों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में और 17 घायलों का उपचार विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में किया जा रहा है। बाकी की स्थिति सामान्य है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रेनों के बीच संकेतों में चूक या तकनीकी खराबी को मुख्य वजह माना जा रहा है।

THDC प्रबंधन ने भी हादसे पर दुख जताया है। घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया है।

ये भी देखे: चमोली के थराली में बादल फटने से कई लोग लापता, भारी मलबे ने बहाए कई घर

You may also like