लखनऊ, 29 दिसंबर 2025: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में इस साल जाड़े की छुट्टियां दो दिन पहले ही शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इससे बच्चों और शिक्षकों दोनों को भीषण शीतलहर से राहत मिली है।
परिषदीय विद्यालयों में सामान्य तौर पर जाड़े की छुट्टियां 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक होती हैं। लेकिन इस बार राज्य में पड़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए सीएम योगी ने 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक स्कूल बंद करने का फैसला लिया। इस तरह स्कूल सीधे 15 जनवरी को खुलेंगे।
कुछ जिलों जैसे अमेठी और प्रतापगढ़ में शुरुआती आदेश में छुट्टियों के दौरान भी शिक्षकों को स्कूल बुलाने की बात कही गई थी। यह मामला बेसिक शिक्षा निदेशालय के संज्ञान में आया। निदेशालय ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित जिलों को अपना आदेश संशोधित करने के निर्देश दिए। इसके बाद इन जिलों ने भी शिक्षकों को छुट्टियों में बुलाने का आदेश वापस ले लिया।
अब शिक्षक भी 15 जनवरी को ही स्कूल पहुंचेंगे। इससे उन्हें इस कठोर ठंड में स्कूल आने की परेशानी से राहत मिल गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का दौर जारी रह सकता है। 1 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
ये भी देखे: ठंड और कोहरे के प्रकोप के बीच बस्ती जिले में स्कूल बंद, 24 से 30 दिसंबर तक छुट्टी