कुरुक्षेत्र, 25 नवंबर 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के भव्य समागम में शिरकत की।
पीएम ने गुरु तेग बहादुर की वीरता और बलिदान को नमन किया। लोगों से उनके बताए आदर्शों पर चलने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने 350वीं शहादत की याद में विशेष सिक्का और स्मृति डाक टिकट जारी किया।
अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि मुगल काल में जब कश्मीरी हिंदुओं पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव डाला जा रहा था तब गुरु तेग बहादुर जी आगे आए। पीड़ितों ने मदद मांगी तो गुरु साहिब ने कहा कि औरंगजेब पहले मुझे इस्लाम कबूल करवाए फिर ये सब कबूल करेंगे।
पीएम ने इसे निडरता की पराकाष्ठा बताया। कहा कि गुरु साहिब ने कभी धर्म और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कुरुक्षेत्र की इसी पवित्र भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने सत्य और न्याय की रक्षा को सबसे बड़ा धर्म बताया था। यह धरती सिख परंपरा का भी अहम केंद्र रही है। लगभग सभी सिख गुरुओं ने यहां कदम रखा है।
मोदी ने कहा कि आज का भारत न डरता है और न रुकता है। गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान हमें यही संदेश देता है।
ये भी देखे: 25 नवंबर को हरियाणा आएंगे पीएम मोदी, करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भी करेंगे उद्घाटन