भीलवाड़ा, 19 सितंबर 2026: भीलवाड़ा में तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर फरार हो गया।
लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज आई। लोगों ने क्षतिग्रस्त बाइक को कार की पीछे वाली सीट पर रख दिया। हादसा भीलवाड़ा-कोटा नेशनल हाईवे-758 पर बीगोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को शाम करीब पांच बजे हुआ।
थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि सदर थाना इलाके के रूपाहेली गांव के रहने वाले भगवान 67 पुत्र रोड़ा बागरिया पत्नी देऊ बागरिया 53 और बेटे रतन बागरिया 24 के साथ मांडलगढ़ की तरफ जा रहे थे। इस दौरान नयागांव के पास दिल्ली नंबर की वरना कार से बाइक की भिड़ंत हो गई।
बाइक सवार तीनों लोग उछलकर कार के शीशे पर गिरे। सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार कोटा की तरफ से आ रही थी। कार की बाइक से भिड़ंत होने पर धमाके जैसी आवाज आई।
कस्बे के भीलवाड़ा सड़क मार्ग स्थित पावनधाम के यहां एनएचएआई ने लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ब्लैक स्पॉट माना और यहां फोरलेन बनाने का निर्णय किया था। फोरलेन बनाने के लिए हाइवे के दोनों तरफ जून महीने में ही खुदाई कर मिट्टी और गिट्टी भी दी थी।
जिसके बाद काम रुका हुआ है। हाइवे का काम रुका होने से वाहन चालकों को परेशानी आ रही है और वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। एनएचएआई ने ब्लैक स्पॉट की जगह फोरलेन दो महीने में तैयार करने का दावा किया था लेकिन एनएचएआई ने काम पूरा नहीं किया। शुक्रवार को फिर से ब्लैक स्पॉट के नजदीक सड़क दुर्घटना हो गई जिसमें तीन जनों की मौत हो गई।
ये भी देखे: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 8 लोगों की मौत