लखनऊ, 18 सितंबर। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, स्थानीय उत्पादों और निर्यात संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए UP International Trade Show 2026 का चौथा संस्करण आयोजित किया जाएगा। यह पांच दिवसीय आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित India Expo Centre & Mart में होगा। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ट्रेड शो में निवेश, उद्योग, MSME, ODOP, निर्यात और विभिन्न सेवा क्षेत्रों से जुड़े संस्थानों और उद्यमियों की भागीदारी होगी।
ट्रेड शो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और कारोबारी इकोसिस्टम को एक साझा मंच पर लाना है, जहां निवेशकों, खरीदारों, उद्यमियों और निर्यातकों के बीच कारोबारी संवाद और संभावित साझेदारी के अवसर विकसित किए जा सकें। आयोजन में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए B2B और B2C स्तर पर संपर्क के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़े क्षेत्र होंगे प्रदर्शित
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विभागों तथा प्राधिकरणों की भागीदारी प्रस्तावित है। अलग-अलग हॉल में निवेश प्रोत्साहन, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास प्राधिकरण, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और सेवा क्षेत्र को प्रदर्शित किया जाएगा।
हॉल-1 में Invest UP और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) की भागीदारी प्रस्तावित है। वहीं हॉल-3 में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA), नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) से जुड़ी गतिविधियां प्रदर्शित की जाएंगी।
हॉल-4 में ‘UP at a Glance’ के माध्यम से प्रदेश की समग्र औद्योगिक और विकास क्षमता को सामने रखा जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की गतिविधियां हॉल-5 में दिखाई जाएंगी।
MSME और ODOP उत्पादों के लिए विशेष व्यवस्था
उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में MSME और स्थानीय उत्पादों की भूमिका को देखते हुए ट्रेड शो में इनके लिए विशेष स्थान निर्धारित किया गया है।
हॉल-9 में One District One Product यानी ODOP के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे, जबकि हॉल-10 में नए उद्यमियों और MSME से जुड़े उत्पादों एवं कारोबार को जगह दी जाएगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने, उनकी ब्रांडिंग मजबूत करने और संभावित खरीदारों से सीधे संपर्क के अवसर उपलब्ध कराना है।
उत्तर प्रदेश का ODOP कार्यक्रम जिलों के विशिष्ट उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहचान मजबूत करने पर केंद्रित है। ट्रेड शो के माध्यम से इन उत्पादों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और ग्रामीण उद्यमिता पर भी फोकस
हॉल-11 में पशुपालन, मत्स्य पालन, ग्रामीण आजीविका मिशन, GI उत्पाद, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और AYUSH से जुड़े क्षेत्र शामिल किए जाएंगे।
वहीं हॉल-12 में कृषि विभाग, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, खाद्य प्रसंस्करण, बागवानी, डेयरी विकास और चीनी उद्योग से जुड़े क्षेत्रों की भागीदारी प्रस्तावित है।
इससे कृषि आधारित उद्योगों, ग्रामीण उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को एक बड़े कारोबारी मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
निर्यात और लॉजिस्टिक्स को भी मिलेगी जगह
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की निर्यात क्षमता और वैश्विक बाजारों तक पहुंच को भी प्रमुखता दी जाएगी। हॉल-14, 15 और 16 में Town of Excellence, निर्यातकों, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल और हैंडलूम, खेल क्षेत्र तथा मुख्यमंत्री युवा से जुड़े क्षेत्रों की भागीदारी प्रस्तावित है।
हॉल-17 में ODOP Open Space, Greater Noida Industrial Development Authority, CREDAI और परिवहन क्षेत्र से जुड़े stakeholders को शामिल किया जाएगा।
निर्यातकों और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की मौजूदगी से प्रदेश के उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने से जुड़े कारोबारी अवसरों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
अलग-अलग विकास प्राधिकरण भी करेंगे भागीदारी
ट्रेड शो के foyer area में उत्तर प्रदेश के विभिन्न विकास प्राधिकरणों की भागीदारी प्रस्तावित है। इनमें कानपुर, वाराणसी, आगरा, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद और बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण समेत अन्य संस्थाएं शामिल हैं।
इन प्राधिकरणों के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, औद्योगिक विस्तार और निवेश की संभावनाओं की जानकारी निवेशकों और उद्यमियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
खरीदारों और उद्योग जगत को जोड़ने की तैयारी
ट्रेड शो में अधिक से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों, खरीदारों, निवेशकों और उद्यमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों, उद्योग संगठनों, चैंबर्स, संस्थानों और विश्वविद्यालयों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं।
उद्योग संगठनों और चैंबर्स को डिजिटल माध्यम से निमंत्रण भेजे गए हैं, जबकि अन्य संस्थानों के लिए भी आमंत्रण प्रक्रिया जारी है। B2B और B2C खरीदारों के पंजीकरण के लिए QR कोड तैयार कर वितरित किए जा रहे हैं।
आधिकारिक आयोजन वेबसाइट के अनुसार UPITS 2026 में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ घरेलू B2B और B2C खरीदारों को भी अलग-अलग श्रेणियों में जोड़ा गया है। आयोजन में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम को पार्टनर देशों के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
निवेश से निर्यात तक एक साझा मंच
चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की संरचना में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, MSME, ODOP, कृषि आधारित कारोबार और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों को एक साथ प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया है।
आयोजकों के अनुसार यह मंच उद्यमियों को नए खरीदारों से जुड़ने, उत्पादों की ब्रांडिंग करने, बाजार तलाशने और संभावित कारोबारी साझेदारियां विकसित करने का अवसर देगा। आयोजन में उद्योग, निवेश और निर्यात से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को एक ही स्थान पर लाने की कोशिश की जा रही है।
UP International Trade Show 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के India Expo Centre & Mart में होगा।
ये भी देखें: UP Startup Story: 9 साल में 120 से 24 हजार पहुंचा स्टार्टअप इकोसिस्टम, बदल रही युवाओं की तस्वीर