अमेठी: बारात से लौट रहे तीन दोस्तों की बुलेट को DCM ट्रक ने कुचला, 3 लोगों की मौत

by Manu
टक्कर

अमेठी, 23 नवंबर 2025: अमेठी-सुल्तानपुर मार्ग पर थौरा गांव के पास बारात से बुलेट पर घर लौट रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार DCM ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीनों मृतक कोतवाली अमेठी क्षेत्र के महाराजपुर गांव के रहने वाले थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे।

मृतकों की पहचान उत्कर्ष सिंह (22 वर्ष), बजरंग सिंह (23 वर्ष) और अंशु सिंह (21 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों शुक्रवार शाम महाराजपुर के शेरा लाल कोरी के घर से निकली बारात में पीपरपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर गांव गए थे। देर रात करीब 1:30 बजे बारात खत्म होने के बाद तीनों बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। थौरा गांव के पास अचानक सामने से आ रहे DCM ट्रक ने बुलेट में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली अमेठी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उत्कर्ष और बजरंग की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल अंशु को तुरंत जिला अस्पताल अमेठी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने भी कुछ घंटे बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

ये भी देखे: अमेठी CHC में पुरानी X-रे मशीन का खतरनाक धमाका, टेक्नीशियन झुलसा

You may also like