बिलासपुर, 3 सितंबर 2025: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने एकदिवसीय बिलासपुर दौरे के दौरान विधायक त्रिलोक जम्वाल और रणधीर शर्मा के साथ कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के बलोही और मल्यावर गांवों में आपदा से हुए नुकसान और राहत कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बलोही टोल बैरियर के पास एक वाहन पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने की घटना हुई, जिसमें वाहन बाल-बाल बच गया। इस घटना ने क्षेत्र में भूस्खलन के खतरे को फिर से उजागर कर दिया।
अनुराग ठाकुर ने डीसी बिलासपुर राहुल कुमार और एनएचएआई के परियोजना निदेशक से फोन पर बात कर इस घटना पर गहरी नाराजगी और चिंता जताई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर भी तीखा हमला बोला। ठाकुर ने कहा कि उनके दौरे के दौरान जिला प्रशासन कहीं नजर नहीं आया, जो आपदा के समय गैर-जिम्मेदाराना रवैया दर्शाता है। उन्होंने डीसी को निर्देश दिए कि वे अपने अधिकारियों को फील्ड में भेजें और आपदा प्रभावित लोगों की मदद सुनिश्चित करें।
ये भी देखे: हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तोड़े 75 साल का रिकॉर्ड, 320 की मौत, करोड़ों का नुकसान