नई दिल्ली, 21 अगस्त 2025: संसद ने गुरुवार को ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन विधेयक 2025 को मंजूरी दे दी। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा पेश किए गए इस विधेयक को बिना किसी बहस के हंगामे के बीच उच्च सदन (राज्यसभा) ने पारित कर दिया। इससे पहले बुधवार को लोकसभा में यह बिल पास हो चुका था।
इस विधेयक का मुख्य उद्देश्य ई-स्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेमिंग को बढ़ावा देना है, साथ ही सभी प्रकार के ऑनलाइन मनी गेम्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना है। ऑनलाइन मनी गेम्स में वे खेल शामिल हैं, जिनमें खिलाड़ी नकद या अन्य पुरस्कार जीतने की उम्मीद में पैसे दांव पर लगाते हैं। विधेयक में ऐसे गेम्स से संबंधित विज्ञापनों पर रोक लगाने और बैंकों व वित्तीय संस्थानों को इन गेम्स के लिए धन उपलब्ध कराने या हस्तांतरण से रोकने का भी प्रावधान है।
विपक्षी सदस्यों द्वारा प्रस्तुत संशोधनों को खारिज करने के बाद राज्यसभा ने इस बिल को ध्वनिमत से मंजूरी दी। यह विधेयक ऑनलाइन गेमिंग उद्योग को विनियमित करने और जुआ आधारित गेमिंग से होने वाले सामाजिक-आर्थिक नुकसान को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये भी देखे: राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक: अगले छह महीने में लागू, खेल प्रशासन में आएगी पारदर्शिता