रूपनगर, 03 जून 2025: पंजाब के रूपनगर जिले में स्थित गुरुद्वारा हेड दरबार कोट पुराण (टिब्बी साहिब) में मंगलवार, 3 जून 2025 को एक दुखद हादसा हुआ। संत बाबा खुशहाल सिंह की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि समागम के दौरान गुरुद्वारे में लगे एयर कंडीशनर का कंप्रेसर अचानक फट गया, जिससे आग लग गई। इस भीषण हादसे में 62 वर्षीय कश्मीर कौर (हरगोबिंद नगर, रूपनगर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों में से दो महिलाओं की हालत गंभीर है, जिनमें से बलजीत कौर (गांव भलयां) को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज रूपनगर के परमार अस्पताल में चल रहा है। हादसे के समय गुरुद्वारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
धमाके की आवाज से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और विशेषज्ञों की टीमें मौके पर पहुंचकर विस्फोट के कारणों की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, यह हादसा एसी में तकनीकी खराबी या ओवरलोडिंग के कारण हो सकता है।
ये भी देखे: पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में भीषण धमाका, 5 मजदूरों की मौत