IMA Patiala : आईएमए पटियाला देश की सेवा के लिए तैयार

by TheUnmuteHindi
IMA

चंडीगढ़, 8 मई 2025 : IMA Patiala : आईएमए पटियाला ने आज सिविल सर्जन पटियाला से मुलाकात की, जिसमें पाकिस्तान के साथ पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ते तनाव की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श किया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन पटियाला की अध्यक्षा डॉ. निधि बंसल ने प्रत्येक सदस्य हस्पताल की ओर से आपातकालीन बेड, उपकरण, चिकित्सा अधिकारियों और आपातकालीन दवाओं की आपूर्ति के संबंध में सरकार को हर संभव सहायता प्रदान करने का वादा किया।

हर संभव मेडिकल सहायता प्रदान करने का वादा

डॉ. निधि बंसल ने सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने की आईएमए की प्रतिबद्धता दोहराई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों और उन्होंने बड़े कॉर्पोरेट अस्पतालों सहित निजी क्षेत्र के अस्पतालों से किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण हादसे से शारीरिक नुकसान उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को सरकारी निर्देश अनुसार हर संभव मेडीकल सहायता प्रदान करने का वादा किया।

अस्पताल व नॄसग होम करें पूर्ण समर्थन

सिविल सर्जन डा. जगपाल इंदर सिंह द्वारा आज बुलाई गई इस बैठक में उन्होंने आईएमए पदाधिकारियों को वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया तथा सभी अस्पतालों व नर्सिंग होम से अनुरोध किया कि वे मॉक ड्रिल व ब्लैकआउट ड्रिल के दौरान पूर्ण समर्थन व सहयोग प्रदान करें। उन्होंने आईएमए टीम से आवश्यकतानुसार बुनियादी ढांचे, आपातकालीन बिस्तरों, ट्रॉमा बिस्तरों, बैकअप सेवाओं और एम्बुलेंस सेवाओं पर पूर्ण डेटा उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक अस्पताल के नोडल अधिकारी के साथ-साथ प्रत्येक अस्पताल में उपलब्ध आपातकालीन चिकित्सा अधिकारियों, गहन चिकित्सा विशेषज्ञों और ट्रॉमा प्रबंधन टीमों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।

सिविल सर्जन को आवश्यक डाटा करवाया उपलब्ध

इस अवसर पर सचिव डॉ. अमनदीप बख्शी ने मीडिया को बताया कि सभी सदस्य हर संभव तरीके से बिना शर्त सहयोग प्रदान करेंगे। डॉ. निधि बंसल ने मीडिया को बताया कि आज सिविल सर्जन कार्यालय को सभी आवश्यक डाटा उपलब्ध करा दिया गया है तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की बात भी कही है। इस बैठक के दौरान प्रमुख कॉरपोरेट अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ आईएमआई के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जेपीएस सोढ़ी और डॉ. हरसिमरन तुली भी मौजूद थे।

यह भी देखें :

You may also like