अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार सहित पहुंचे भारत

by TheUnmuteHindi
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार सहित पहुंचे भारत

नई दिल्ली, 21 अप्रैल : अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी भारतीय मूल की पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस और अपने तीन बच्चों के साथ चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सोमवार को भारत पहुंचे। इस दौरान उपराष्ट्रपति वेंस के साथ अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे। बता दें कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस सोमवार को अपनी पत्नी उषा वेंस के साथ चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच गए हैं। उनके विमान ने नई दिल्ली स्थित पालम टेक्निकल एरिया में लैंड किया, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। अमेरिका के उपराष्ट्रपति, उनकी पत्नी उषा और उनके तीन बच्चे – इवान, विवेक और मीराबेल के साथ भारत पहुंचे हैं। वेंस के दौरे के मद्देनजर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा कड़ी की गई है ताकि यात्रा के दौरान कोई भी अप्रिय घटना न हो और सारी गतिविधियां सुचारू रूप से संपन्न हो सकें। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का प्लेन सुबह 9:45 बजे दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा। यहां उनके आगमन पर, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वेंस का स्वागत किया और उन्हें हवाई अड्डे पर औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

एयरपोर्ट पर कलाकारों ने किया प्रदर्शन

एयरपोर्ट पर कलाकारों ने भारतीय नृत्य कौशल का प्रदर्शन भी किया। वेंस के बच्चे इवान, विवेक और मीराबेल भारतीय परिधान में थे। तीनों बड़ी उत्सुकता से क्लासिकल डांस देखते नजर आए। वेंस का एयरपोर्ट से अक्षरधाम मंदिर जाने का कार्यक्रम है। बता दें कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 21 से 24 अप्रैल तक भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर हैं।

You may also like