सियाचिन में दुश्मन की निगरानी कर रहे जवान बलदेव सिंह हुए शहीद

by TheUnmuteHindi
सियाचिन में दुश्मन की निगरानी कर रहे जवान बलदेव सिंह हुए शहीद

चंडीगढ़ : दुनिया के सबसे कठिन युद्धक्षेत्र सियाचिन में ऑपरेशन मेघदूत 41 साल पूरे होने के बाद दुखद घटना सामने आई है। लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियरों के बीच दुश्मन की निगरानी कर रहे हरियाणा के जवान बलदेव सिंह शहीद हो गए हैं। बता दें कि सिरसा के निकटवर्ती गांव झोपड़ा के 43 वर्षीय नायब सूबेदार बलदेव सिंह का ड्यूटी के दौरान बीमारी के कारण निधन हो गया। वह सियाचिन में तैनात थे। बलदेव सिंह का परिवार सेना से जुड़ा है। उनके तीन चचेरे भाई सेना में हैं। बलदेव सिंह के निधन का समाचार मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बलदेव सिंह का एक बड़ा भाई व तीन बहनें हैं। उनका सपना था कि वे भी अपने चचेरे भाइयों की तरह सेना में जाकर देश की सेवा करे। बलदेव सिंह की पत्नी व एक बेटा व एक बेटी है। वे वर्ष 2001 में सेना में भर्ती हुए थे। उत्तरी कमान द्वारा शहीद को श्रद्धांजलि देने के बाद पार्थिव देह को पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया है। शहीद बलदेव सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर सिरसा पहुंचेगा।

You may also like