Delhi Weather: दिल्ली में मार्च का सबसे गर्म दिन, AQI ‘बहुत खराब’

by Manu
Delhi Weather Update

Delhi Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले तीन साल में मार्च का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। इससे पहले 31 मार्च 2022 को दिल्ली में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, जो अब तक का रिकॉर्ड था। इस बार मार्च की गर्मी ने दिल्लीवासियों को परेशान कर दिया है।

Delhi Weather Update: अगले तीन दिन राहत की उम्मीद

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तेज धूप और गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में करीब 3 डिग्री की कमी आ सकती है। 27 से 29 मार्च के बीच हल्के बादल भी छा सकते हैं, जो गर्मी से कुछ निजात दिला सकते हैं। आज गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अप्रैल में और बढ़ेगी गर्मी

30 और 31 मार्च को तापमान में मामूली गिरावट के संकेत हैं, लेकिन अप्रैल का पहला हफ्ता दिल्ली के लिए और चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अप्रैल में तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है। हालांकि, अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं की वजह से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तापमान 35 से 36 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

IMD की अपील: सावधानी बरतें

मौसम जानकारों का कहना है कि इस साल मार्च का औसत तापमान सामान्य से कहीं ज्यादा रहा है। आमतौर पर मार्च में दिल्ली का मौसम शुष्क रहता है, लेकिन इस बार बारिश की कमी और गर्म हवाओं ने हालात को और मुश्किल बना दिया। IMD ने लोगों से अपील की है कि वे दिन के समय बाहर निकलते वक्त सावधानी रखें, धूप से बचें और खूब पानी पीते रहें ताकि डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।

हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’

गर्मी के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी जहरीली बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह 6 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 322 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।

AQI की श्रेणियों के मुताबिक, 0-50 ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ माना जाता है।

‘बहुत खराब’ AQI का मतलब है कि सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।

ये भी देखे: विनेश फोगट को हरियाणा सरकार का ऑफर: 4 करोड़, नौकरी या प्लॉट में से चुनें एक

You may also like