राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी पर दी बधाई

by Manu
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी पर दी बधाई

नई दिल्ली, 19 मार्च: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को भारतीय मूल की नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर की धरती पर सुरक्षित वापसी पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुनीता और उनकी टीम ने अपनी दृढ़ता, समर्पण और कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, उनकी ऐतिहासिक यात्रा दृढ़ संकल्प, टीमवर्क और असाधारण साहस की कहानी है। मैं उनके अटूट संकल्प को सलाम करती हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं।

राष्ट्रपति ने कहा, भारत की बेटी सुनीता विलियम्स प्रेरणा का स्रोत

सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर को मूल रूप से कुछ ही दिनों के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) भेजा गया था, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण वे 286 दिन तक वहीं फंसे रहे। यह समय उनके अनुमानित मिशन अवधि से 278 दिन अधिक था। आखिरकार, मंगलवार को उनकी धरती पर सुरक्षित वापसी हुई।

राष्ट्रपति ने कहा कि नासा के क्रू 9 मिशन की धरती पर सुरक्षित वापसी के पीछे पूरी टीम को बधाई। भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ने अपनी दृढ़ता, समर्पण और कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया है।

भारत की बेटी सुनीता विलियम्स का भारतीय कनेक्शन

सुनीता विलियम्स भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री हैं। उनके पिता दीपक पंड्या गुजरात के मेहसाणा जिले के झूलासन गांव के निवासी थे, जो 1957 में अमेरिका चले गए थे। सुनीता को अंतरिक्ष मिशनों में उनके योगदान और उनके भारतीय मूल के कारण भारत में भी बहुत सम्मान दिया जाता है।

राष्ट्रपति के संदेश के बाद, कई भारतीयों ने भी सुनीता को बधाई दी और उनकी हिम्मत व समर्पण को सराहा।

ये भी देखे: राहुल गांधी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से की मुलाकात

You may also like