बीपीएससी परीक्षा : प्रशांत किशोर को पुलिस बल ने किया गिरफ्तार
मुख्यमंत्री द्वारा समस्याएं सुनने का कर रहे थे अनुरोध
नई दिल्ली, 6 जनवरी : बीपीएससी परीक्षा में हुई धांधली को लकर जनसुराज नेता प्रशांत किशोर जोकि गांधी मैदान में आमरन अनशन पर बैठे थे को गत रात्रि पुलिस बल द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया, जिस कारण काफी बवालभी हुआ। बता दें कि जिला प्रशासन ने पटना के गांधी मैदान में बीपीएससी की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अनशन कर रहे जनसुराज नेता प्रशांत किशोर को गिरफ्तार कर लिया। पीके की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति में अचानक गरमाहट आ गई है। अनशन के जरिए पीके ने छात्रों और युवाओं की समस्याओं को उठाकर उन्हें अपने पक्ष में करने की कोशिश की थी। जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर बीपीएससी परीक्षा में हुई गड़बडिय़ों के विरोध में 2 जनवरी से गांधी मैदान में आमरण अनशन पर बैठे थे। उनकी मांग थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार धरना स्थल पर आकर छात्रों की समस्याएं सुनें और समाधान करें। जब सीएम ने अनशन स्थल पर जाने से इनकार कर दिया, तो पीके ने सुझाव दिया कि छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल ही मुख्यमंत्री से मिले। यह प्रस्ताव भी ठुकरा दिया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पीके को गिरफ्तार कर लिया।
जानिए क्या था मामला
जानकारी के अनुसार आज सुबह-सुबह भारी संख्या में पुलिस बल गांधी मैदान पहुंची और प्रशांत किशोर और उनके समर्थकों को जबरन अपने साथ एम्स पटना ले गयी है। हालांकि एम्स पटना के पास बवाल बढ़ता देख पुलिस अब प्रशांत किशोर को लेकर एम्स से बाहर निकल गयी है। इस दौरान एम्स के बाहर पुलिस और जन सुराज के सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई है। हालांकि एम्स के बाहर हंगामा करने प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने खदेड़ दिया है। इस दौरान प्रशांत किशोर के समर्थकों ने सडक़ जाम करने की कोशिश की लेकिन, पटना पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग कर उन्हें भागा दिया है। फिलहाल प्रशांत किशोर को लेकर पटना पुलिस कहां गयी है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।