घरेलू शेयर बाजार में वीरवार को रही तेजी
रुपया अमेरिकी डालर के मुकाबले पहुंचा
मुंबई, 2 जनवरी : घरेलू बाजारों में वीरवार को सेंसेक्स और निफ्टी में काफी दिनों के बाद तेजी देखने को मिली। इसी तरह रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 11 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.75 पर आ गया। डॉलर सूचकांक और अमेरिका के 10 वर्ष के बांड प्रतिफल में उल्लेखनीय तेजी का असर घरेलू मुद्रा पर पड़ा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि 2024 में अधिकतर मुद्राओं के मुकाबले डॉलर ने बढ़त दर्ज की और इस वर्ष भी यह मजबूत स्थिति में बना रहेगा। इसके अलावा लगातार विदेशी पूंजी की निकासी ने निवेशकों की भावनाओं को और भी प्रभावित किया। वहीं घरेलू बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 242.95 अंक चढक़र 78,750.36 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 69.25 अंक की बढ़त के साथ 23,812.15 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74.97 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,782.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
यह 30 कंपनियां रही लाभ में
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। एनटीपीसी, सन फार्मा, एशियन पेंट्स और अदाणी पोर्ट्स के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को नववर्ष के मौके पर बंद थे।
97