बढ़ती महंगाई को लेकर राहुल गांधी ने किया सब्जी मंडी का दौरा

कहा, देशभर में लगातार बढ़ रही महंगाई लेकिन सरकार नहीं दे रही ध्यान

by TheUnmuteHindi
बढ़ती महंगाई को लेकर राहुल गांधी ने किया सब्जी मंडी का दौरा

बढ़ती महंगाई को लेकर राहुल गांधी ने किया सब्जी मंडी का दौरा
कहा, देशभर में लगातार बढ़ रही महंगाई लेकिन सरकार नहीं दे रही ध्यान
नई दिल्ली, 24 दिसंबर : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोगों की परेशानियों को समझने के लिए तथा महंगाई के मुद्दे को जानने के लिए गिरी नगर में स्थित हनुमान मंदिर के पास की सब्जी मंडी में दुकानदारों से बातचीत की, और वहां मौजूद महिलाओं से भी महंगाई के बारे में सवाल किए। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिलाएं राहुल गांधी से कह रही हैं कि उन्होंने उन्हें चाय पर बुलाया है, ताकि वह आकर खुद देखें कि महंगाई ने उनका बजट कैसे बिगाड़ दिया है। एक महिला ने कहा, हमारी सैलरी तो वही है, लेकिन दामों में 10 गुना बढ़ोतरी हो गई है। सब्जियों के दाम तो घटते ही नहीं।
सभी सब्जियों के जगह-जगह जाकर पूछे दाम
इस दौरान राहुल गांधी ने लोगों की परेशानियों को समझने के लिए जहां सब्जी मंडी का दौरा किया। वहीं इस दौरान उन्होंने खुद दुकानदारों से लहसुन, टमाटर, शलजम और अन्य सब्जियों के दाम पूछे और सोशल मीडिया पर इस अनुभव का वीडियो साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया है। राहुल गांधी का कहना है कि देशभर में महंगाई की दर लगातार बढ़ रही है, और इसने खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की जिंदगी को मुश्किल बना दिया है। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, कभी लहसुन 40 रुपए किलो था, अब 400 रुपए किलो हो गया है। बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है और सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही।
राहुल गांधी का सब्जी मंडी दौरा
राहुल गांधी ने महिलाओं से पूछा कि वह आज क्या खरीदने आई हैं। एक महिला ने बताया कि वह थोड़े से टमाटर और प्याज खरीद रही हैं, ताकि किसी तरह घर का काम चल सके। एक अन्य महिला ने कहा, यह महंगाई हमें तो बहुत परेशान कर रही है। सब्जियों के दाम इतने बढ़ गए हैं कि समझ नहीं आता कि क्या करें। सब्जियां 40-50 रुपए किलो से कम में नहीं मिल रही। कोई भी चीज 30 रुपए से कम की नहीं है।

You may also like