आज पूरे सम्मान के साथ होगा पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का संस्कार
कई राजनीतिक हस्तियां होंगी संस्कार में शामिल
हरियाणा, 21 दिसंबर : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर नेता ओम प्रकाश चोटाला का गत दिवस निधन हो गया था, जिनके पार्थिव शरीर का आज पूरे सम्मान के साथ संस्कार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को शुक्रवार रात करीब 10 बजे तेजा खेड़ा फार्म हाउस पर लाया गया। आज (शनिवार) दोपहर बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ओपी चौटाला का अंतिम संस्कार सिरसा जिले के तेजा खेड़ा गांव स्थित उनके फार्म हाउस में होगा। दोपहर 2 बजे तक उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, ताकि उनके समर्थक और प्रशंसक उन्हें अंतिम विदाई दे सकें। हरियाणा की राजनीति में दशकों तक प्रभावी भूमिका निभाने वाले चौटाला को उनकी सेवा और योगदान के लिए याद किया जाएगा। अंतिम संस्कार के दौरान कई राजनीतिक हस्तियों और उनके समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
1999 में भाजपा के समर्थन से सरकार बना बने थे चौथी बार मुख्यमंत्री
ओम प्रकाश चौटाला का सबसे लम्बा कार्यकाल 24 जुलाई, 1999 से शुरू हुआ। दरअसल, उस समय राज्य में बंसीलाल के नेतृत्व वाली हरियाणा विकास पार्टी व भाजपा की गठबंधन सरकार थी। भाजपा ने हविपा से गठबंधन तोड़ दिया। ऐसे में बंसीलाल की सरकार गिर गई। चौटाला ने भाजपा के समर्थन से 24 जुलाई, 1999 को सरकार बनाई और चौथी बार मुख्यमंत्री बने। इसके बाद मार्च-2000 में विधानसभा के आमचुनाव हुए और चौटाला 2 मार्च, 2000 को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बने। इस बार वे 5 मार्च, 2005 तक सीएम रहे। यानी उनका यह कार्यकाल 5 साल 224 दिन का रहा, जिसमें उन्होंने अनेकों कार्य करवाए
गांव चौटाला में हुआ था जन्म, प्रकाश सिंह बादल थे अच्छे रिश्ते
ओमप्रकाश चौटाला का जन्म पहली जनवरी, 1935 को डबवाली (सिरसा) के चौटाला गांव में हुआ था। पंजाब के भूतपूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के परिवार के साथ देवीलाल परिवार के प्रगाढ़ रिश्ते रहे। उम्र के आखिरी पड़ाव में भी एक्टिव रहे चौटाला पहले ही अपने छोटे बेटे व पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित कर चुके थे। वर्तमान में इनेलो की कमान अभय के हाथों में ही है। उनके बड़े बेटे व पूर्व सांसद डॉ़ अजय सिंह चौटाला ने खुद की जननायक जनता पार्टी (जजपा) बनाई हुई है। भूतपूर्व उपप्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे चौ देवीलाल के पुत्र ओमप्रकाश चौटाला कुल पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। वे प्रदेश के ऐसे मुख्यमंत्री भी थे, जब एक बार उनका कार्यकाल महज पांच दिनों का रहा। अपने गृह क्षेत्र के अलावा प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लडऩे का दम रखने वाले चौटाला वर्तमान में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।