योगी बोले- छठ पर उंगली उठाने वाले संस्कृति और समाज के दुश्मन

by Manu
CM योगी

चंडीगढ़, 15 नवंबर 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर लखनऊ में मां गोमती के तट पर आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में सीएम योगी ने हिस्सा लिया। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्सवों और संस्कृति की क्या दुर्गति थी यह आप जानते हैं।

आपने कल एक राजनीतिक दल के सांसद का बयान पढ़ा होगा। उन्होंने दुर्गा पूजा कांवड़ यात्रा और छठ पर्व पर भी उंगली उठाई। ये लोग संस्कृति और समाज के दुश्मन हैं। इन्हें छठ महापर्व में भेदभाव और दुर्गा पूजा व कांवड़ यात्रा में पाखंड दिखाई देता है क्योंकि इनका जीवन ही पाखंड से भरा है। ये बोलते कुछ और हैं। भारत की सनातन परंपरा को कोसना और उसे अपमानित करना ये अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।

दरअसल हाल ही में प्रतापगढ़ से सपा के सांसद एसपी सिंह पटेल ने दुर्गा पूजा पर विवादास्पद टिप्पणी की थी। सीएम योगी ने उसी को लेकर जवाब दिया है।

मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि याद कीजिए आज प्रदेश उत्साह से भरपूर है। हर तरफ उत्सव ही उत्सव दिखाई दे रहे हैं। आपने अभी 7 नवंबर को अयोध्या में देखा होगा कि दीपोत्सव का कितना भव्य आयोजन हुआ था। दीपावली का उत्सव भी भव्यता के साथ शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया गया।

उन्होंने कहा कि अभी चार दिन पहले मैं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूरे प्रदेश में छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा कर रहा था। मैंने वाराणसी में पूछा कि कितने लोग भाग लेंगे तो बताया गया कि 20 लाख लोग शामिल होंगे। गोरखपुर में पूछा तो बताया गया कि 16 लाख लोग भाग लेंगे। इसी तरह मैंने गाजीपुर बलिया आजमगढ़ मऊ देवरिया कुशीनगर बस्ती संत कबीर नगर जौनपुर चंदौली गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर समेत विभिन्न जिलों में बात की। आज लाखों की संख्या में श्रद्धालु इस महापर्व का हिस्सा बन रहे हैं।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like