चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026: सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश की नगर निकायों की मतदाता सूची में मकान नंबरों की विसंगतियों को ठीक करने की मांग वाली जनहित याचिका खारिज कर दी है। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मकानों के नंबर बदल गए हैं। लेकिन मतदाता सूची में उन्हें ठीक नहीं किया गया। याचिकाकर्ता ने यह भी मांग की थी कि नगर निकायों की मतदाता सूची को लोकसभा और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूची के अनुरूप किया जाए।
जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने सुनवाई के दौरान कहा कि मतदाता सूची में किसी एंट्री को ठीक कराने का अधिकार व्यक्तिगत मतदाता का है। इसे आमतौर पर जनहित याचिका के जरिए सामूहिक रूप से नहीं उठाया जा सकता। जस्टिस बागची ने कहा कि आप इस याचिका को जनहित याचिका के रूप में दाखिल कर रहे हैं। मतदाता सूची में सुधार कराने का अधिकार व्यक्तिगत है। नगर निकायों की मतदाता सूची के लिए भी अपने नियम होंगे। संबंधित व्यक्तियों को सक्षम प्राधिकारी के पास जाना चाहिए।
कोर्ट ने कहा कि अगर इस तरह की समस्या पूरे राज्य में सामूहिक रूप से सामने आती है तो उसे व्यापक स्तर पर उठाया जा सकता है। लेकिन व्यक्तिगत मतदाताओं को अपनी मतदाता सूची में सुधार के लिए संबंधित चुनाव अधिकारियों से संपर्क करना होगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसे मतदाता व्यक्तिगत रूप से अदालत का दरवाजा भी खटखटा सकते हैं।
ये नहीं देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे