कोलकाता, 21 मई 2026: पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य कर दिया है। यह आदेश अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग द्वारा 19 मई को जारी किया गया था, जिसकी जानकारी गुरुवार को सामने आई।
सरकार के नए आदेश के अनुसार, अब राज्य के सभी सरकारी मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों तथा बिना सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा (असेंबली) में ‘वंदे मातरम’ गाना जरूरी होगा।
इससे पहले मदरसों में सुबह की प्रार्थना के दौरान राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और कवि गुलाम मुस्तफा की बांग्ला कविता ‘अनंत असीम प्रेममय तुमी’ गाई जाती थी। नए आदेश के बाद अब इन दोनों गीतों की जगह ‘वंदे मातरम’ अनिवार्य किया गया है।
मदरसा शिक्षा निदेशालय ने सभी मदरसों को इस आदेश का तुरंत पालन करने और रिपोर्ट विभाग को भेजने के निर्देश दिए हैं।