प्रयागराज में जमीन के नीचे दबे मिले 3.20 करोड़ रुपये, इनकम टैक्स की कार्रवाई जारी

by Manu
cash in drum

प्रयागराज, 01 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के गंगानगर जोन के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित बरईपुर रामनगर गांव में जमीन के नीचे दबाकर रखे गए करोड़ों रुपये के मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है। 28 अक्टूबर को जमीन के नीचे दबे मिले तीन नीले ड्रमों से बरामद नकदी की गिनती इनकम टैक्स विभाग की टीम ने पूरी कर ली है। गिनती में कुल 3 करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये की नकदी मिली है।

नकदी की गिनती पूरी होने के बाद भी मौके पर इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई जारी है। जिस घर में तीन ड्रमों में भरकर रुपये जमीन के नीचे छिपाए गए थे वहां अब भी खुदाई कराई जा रही है। नकदी छिपे होने की आशंका को देखते हुए मजदूरों से घर के कमरों और आंगन में खुदाई कराई जा रही है।

मामले की जांच के लिए इनकम टैक्स विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। घर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं ताकि पूरी कार्रवाई पर नजर रखी जा सके। वहीं घर में रहने वाले राजेश और राकेश यादव से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आयकर विभाग की टीम इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे जमीन के नीचे ड्रमों में छिपाकर क्यों रखा गया था। घर में जारी खुदाई और पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

ये भी देखे: 5 साल की बच्ची ने CM योगी को बुलडोजर टॉय गिफ्ट किया, योगी बोले- मन लगाकर पढ़ाई करना

You may also like