रॉबर्ट वाड्रा को शिकोहपुर जमीन मामले में मिली जमानत, बोले- कुछ छिपाने को नहीं, निडर हूं

by Manu
रॉबर्ट वाड्रा

चंडीगढ़, 16 मई 2026: शिकोहपुर जमीन सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा को शनिवार को जमानत मिल गई।

जमानत मिलने के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि वे निडर हैं और कुछ भी छिपाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा, “मुझे इस देश की न्यायिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। मुझे पता है कि ईडी सरकार के इशारों पर काम करती है, लेकिन मैं हमेशा यहां रहूंगा और सभी सवालों के जवाब दूंगा। झेलने की क्षमता सबसे बड़ी चीज है।”

राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी के दौरान वाड्रा के वकील ने दलील दी कि इस मामले में उन्हें पहले कभी गिरफ्तार नहीं किया गया। अदालत ने दलील सुनकर 50,000 रुपये के मुचलके पर उन्हें जमानत दे दी। मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई को होगी।

यह पूरा मामला वर्ष 2008 का है। उस समय गुरुग्राम के शिकोहपुर इलाके में करीब 3.53 एकड़ जमीन का सौदा हुआ था। ईडी का आरोप है कि इस सौदे में मनी लॉन्ड्रिंग हुई थी। जांच एजेंसी के अनुसार, रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड ने फरवरी 2008 में यह जमीन ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड से करीब 7.5 करोड़ रुपये में खरीदी थी।

ये भी देखे: दूसरे दिन रॉबर्ट वाड्रा से पांच घंटे पूछताछ, प्रियंका गांधी ED दफ्तर छोड़ने आईं

You may also like