Bihar: पथ निर्माण विभाग के सचिव ने मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर परियोजना का किया स्थल निरीक्षण

by Manu
सचिव पंकज कुमार

पटना, 6 जून 2026: पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने पटना शहर के अंतर्गत निर्माणाधीन मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। सचिव महोदय ने तकनीकी टीम और विभागीय अभियंताओं के साथ मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर (भाया करबिगहिया) को जोड़ने हेतु पहुँच पथ एवं दोनों तरफ सर्विस लेन निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्माण स्थल पर संवेदक और अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए हर हाल निर्धारित समयसीमा तक परियोजना को पूरा करने का निदेश दिया।

यह फ्लाईओवर R-Block गोलम्बर – GPO गोलम्बर – मीठापुर गोलम्बर – करबिगहिया स्टेशन होते हुए कंकड़बाग तक जाएगी। जिससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के हो सकेगी। लगभग ₹ 292.74 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन इस परियोजना की कुल लंबाई 1730 मीटर है और परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।

वर्तमान में नींव का कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि सब-स्ट्रक्चर, सुपर-स्ट्रक्चर और पहुंच पथ (अप्रोच रोड) का कार्य लगभग 70% तक पूरा कर लिया गया है। पहले चरण में जी०पी०ओ० गोलम्बर से पुराने बस स्टैंड तक जुलाई में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। पूरी परियोजना का कार्य पूर्ण होने की संभावित तिथि दिसंबर 2026 निर्धारित है। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के प्रारंभ होने से पूर्व संभावित बाधाओं का समय रहते निराकरण सुनिश्चित कर लिया जाए ताकि निर्माण कार्य की गति प्रभावित न हो।

राजधानी पटना की यातायात व्यवस्था को सुगम, आधुनिक और पूरी तरह जाममुक्त बनाने हेतु इस परियोजना का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस फ्लाईओवर और एप्रोच रोड के पूर्ण होने से पटना की यातायात व्यवस्था पहले से और बेहतर हो जाएगी। इस फ्लाईओवर के निर्माण से करबिगहिया स्टेशन के समीप होने वाले दैनिक और गंभीर यातायात जाम से आम जनता को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

इस परियोजना के माध्यम से नवनिर्मित मीठापुर-महुली फ्लाईओवर से पटना शहर की ओर आने वाले भारी ट्रैफिक को बेहद सुगम और तीव्र मार्ग मिलेगा। साथ ही यह फ्लाईओवर मीठापुर गोलम्बर को सीधे NH-30 बाईपास से जोड़ेगी, जिससे बाहरी और अंतर-शहरी वाहनों को शहर के व्यस्ततम अंदरूनी रास्तों में प्रवेश किए बिना ही सीधा निकास मिल जाएगा।

ये भी देखे: पथ निर्माण विभाग द्वारा 93 करोड़ की लागत से जयनगर-घुरना सड़क का मजबूतीकरण शुरू

You may also like