चंडीगढ़, 20 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में बड़ी बगावत हो गई है। ओमप्रकाश राजभर से नाराज दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के वाराणसी मंडल प्रमुख महासचिव युवा मोर्चा दीपक राजभर ने पार्टी के प्रमुख पर बड़ा आरोप लगाया है। दीपक राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर अपने मूल सिद्धांतों और मुद्दों से भटक गए हैं।
दीपक राजभर ने आरोप लगाया है कि 20-24 साल से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। जबकि समाज के विकास के बजाय नेतृत्व के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। इस्तीफा देने वालों ने 2027 के टिकट वितरण पर भी सवाल उठाए हैं। और आरोप लगाया है कि राजभर समाज के वोटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। और बाहुबलियों को टिकट दिए जाने की आशंका है। इस्तीफा देने वालों ने कहा कि अब राजभर समाज अपने हक हिस्सेदारी और सम्मान के आधार पर राजनीतिक फैसला करेगा। नेताओं ने दावा किया कि आने वाले दिनों में और भी कार्यकर्ता पार्टी छोड़ सकते हैं।
सुभासपा छोड़ने वालों में युवा मंडल अध्यक्ष एवं मंत्री प्रतिनिधि बबलू राजभर वाराणसी मंडल युवा मोर्चा के प्रमुख महासचिव दीपक राजभर समेत कई पदाधिकारी शामिल हैं। बबलू राजभर ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश राजभर जिस समाज के समर्थन से राजनीति में आगे बढ़े उसी समाज के लोग आज भी आवास नाली खड़ंजा और रास्ते जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटक रहे हैं। उनका कहना है कि ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कई बार आवेदन दिए गए। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि पदाधिकारियों ने 16 तारीख को अंबेडकर नगर में ओमप्रकाश राजभर से संगठन की कमजोर स्थिति और सुधार की जरूरत पर चर्चा भी की थी। लेकिन इसके बाद भी उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया।
ये भी देखे: BREAKING: नालंदा के मघड़ा शीतला मंदिर में भगदड़, अब तक 8 लोगों की मौत