नई दिल्ली, 5 जून 2026: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए 5 जून को येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिनभर गरज-चमक के साथ आंधी, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे सड़क यातायात और दैनिक जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि इस मौसम से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने सुबह, दोपहर और रात के समय बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने और यातायात बाधित होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी है।
ये भी देखे: पश्चिमी यूपी में मौसम का अचानक बदला, आंधी-बारिश-ओलों का येलो अलर्ट जारी