चंडीगढ़, 26 जून 2026: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति आमजन की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच है और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ-साथ उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शुक्रवार को सोनीपत में लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल मे जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए बैठक में रखी गई 16 शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए 09 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। इसके साथ ही उन्होंने शेष 07 मामलों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि लंबित मामलों पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए अगली बैठक से पूर्व आवश्यक कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान शास्त्री कालोनी निवासी सुनीता देवी ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा कुछ वर्ष पहले हमारा मीटर बदला गया था। उसके बाद हमारा जो बिजली बिल आया वो हमने समय पर अदा किया लेकिन कुछ समय पहले बिजली विभाग द्वारा हमारे घर 71 हजार 102 रूपये का बिजली बिल भेजा गया है और हमें बताया गया कि आपका नया लगा हुआ बिजली मीटर पोर्टल पर नहीं चढाया गया इसलिए आपको अवरेज के हिसाब से बिल दिया गया। इसपर शिक्षा मंत्री ने बिजली विभाग के उस जेई पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जिन्होंने उस समय इस बिजली मीटर को पोर्टल पर नहीं चढाया और बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह बिजली संबंधित शिकायतकर्ता नहीं जमा करवाएगा, क्योंकि इसमें इसकी कोई गलती नहीं है।
बैठक के दौरान बीज मार्किट निवासी बलराज सिंह ने अपनी शिकायत दी कि गांव अहमदपुर में उनकी जमीन है और उनकी जमीन की सिंचाई के लिए बने पानी के खाल पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर उसको बंद कर दिया है। इस शिकायत की सुनवाई करते हुए शिक्षा मंत्री ने उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर उन्हें निर्देश दिए कि वे इस स्थान का मौका मुआयना कर, अपनी रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
स्कूल द्वारा गबन करने की एक अन्य शिकायत की जांच करने के लिए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए जिसमें ग्रीवेंस मैंम्बरों को भी शामिल किया गया है। यह कमेटी शिकायतकर्ता की सुनवाई करते हुए अपनी रिपोर्ट सौंपेगी ताकि अगर किसी व्यक्ति ने गबन किया है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान गांव जांटी कलां निवासी शकुंतला की गलत तरीके से पैतृक संपत्ति को हडपने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसडीएम सोनीपत की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार ने 3 कॉलेजों का नाम बदला, साहिदों और स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर मुहर