पटना, 01 मई 2026: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आवास बदलने जा रहा है। वे 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से 7 सर्कुलर रोड वाले बंगले में शिफ्ट होने वाले हैं। नए बंगले पर Z+ सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात कर दी गई है।
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नए बंगले में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके बेटे निशांत कुमार भी मौजूद रहे। पूजा के लिए बौद्ध भिक्षुओं को विशेष रूप से बुलाया गया था। पूजा समाप्त होने के बाद नीतीश कुमार वापस 1 अणे मार्ग लौट गए।
कल (शनिवार) वे औपचारिक रूप से नए बंगले में शिफ्ट हो जाएंगे। सुबह से ही नीतीश कुमार का सामान नए बंगले में पहुंचाया जा रहा था। बंगले को फूलों से सजाया गया है।
यह 20 साल में दूसरी बार होगा जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री आवास छोड़कर 7 सर्कुलर रोड वाले बंगले में रहने जा रहे हैं।
पिछली बार वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया था। उस समय भी वे लगभग 8 महीने तक इसी 7 सर्कुलर रोड वाले बंगले में रहे थे।
ये भी देखे: दिल्ली में अमित शाह के पड़ोसी बने नीतीश कुमार, टाइप-8 कैटेगरी का मिला VVIP बंगला