कुरुक्षेत्र में हरियाणा की पहली तिरंगा यात्रा, सीएम नायब सैनी ने किया शुभारंभ

by Manu
कुरुक्षेत्र में हरियाणा की पहली तिरंगा यात्रा

कुरुक्षेत्र, 11 अगस्त 2026: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार शाम को प्रदेश की पहली तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले मुख्यमंत्री ऐतिहासिक स्थाणु महादेव मंदिर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने श्रावण के दूसरे सोमवार के अवसर पर रुद्राभिषेक किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस तिरंगा यात्रा को वंदे मातरम से जोड़ा गया। इस कार्यक्रम की थीम भी वंदे मातरम रखी गई। यात्रा के दौरान वंदे मातरम और देशभक्ति के नारे लगाए गए। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

तिरंगा यात्रा पिपली सेक्टर-2 से रवाना हुई। यहां से यात्रा पुलिस लाइन, नया बस अड्डा और द्रोणाचार्य स्टेडियम मार्ग से होते हुए लघु सचिवालय परिसर पहुंची। यात्रा का अंतिम पड़ाव शहीदी स्मारक रहा। यहां मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में रिटायर फौजी भी शामिल हुए।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि इस बार 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। हर घर तिरंगा और वंदे मातरम को साथ लेकर चलना नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का बड़ा अवसर है। यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है।

ये भी देखे: पटना में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा, सीएम सम्राट शामिल

You may also like