पटना, 10 अगस्त 2026: पटना में आज 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा की शुरुआत सुबह 10:30 बजे जेपी गोलंबर से हुई। यात्रा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए। वे हाथों में तिरंगा लेकर जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक 1.5 किलोमीटर पैदल चले।
तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले सीएम सम्राट चौधरी गांधी मैदान में बापू की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे। उनके साथ मंत्री दिलीप जायसवाल और मिथिलेश तिवारी मौजूद थे। सीएम का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से अंदर चला गया। उसके बाद गेट बंद कर दिया गया। सीएम सिक्योरिटी में जवान कहते नजर आए कि सीएम एस्कॉर्ट के अलावा कोई भी गाड़ी अंदर नहीं जाएगी।
मंत्री दिलीप जायसवाल और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के स्टॉफ कहते रहे कि गेट खोलिए मंत्री जी हैं। करीब 5 मिनट तक दोनों मंत्रियों को इंतजार करना पड़ा तब गेट खुला।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मंच और कार्यक्रम स्थल पर दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी नहीं दिखी। उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी फिलहाल पटना से बाहर हैं जिस वजह से वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
ये भी देखे: बिहार में 9 से 17 अगस्त तक व्यापक स्तर पर आयोजित होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान