महेंद्रगढ़, 22 मई 2026: महेंद्रगढ़ पुलिस की सीआईए टीम और कच्छाधारी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई है। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कुल सात आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाशों को महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पारदी गुलेल गैंग के सदस्य ट्रेन से महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से वे छाजूपुरम कॉलोनी की ओर घुस गए। सूचना मिलते ही सीआईए महेंद्रगढ़, नारनौल और थाना शहर महेंद्रगढ़ की संयुक्त टीम ने तुरंत उन बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
बदमाश पुलिस को देखकर हुड्डा सेक्टर की ओर भाग निकले और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की। मुठभेड़ में पुलिस की तरफ से आठ राउंड और बदमाशों की तरफ से चार राउंड फायर हुए।
पुलिस ने इस कार्रवाई में सात बदमाशों को काबू कर लिया। उनके कब्जे से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र पट्ठा सिंह, वीरेंद्र उर्फ भूत पुत्र हरि सिंह, अभय पुत्र जॉनी, चांद पुत्र आकाश, मनीराम पुत्र राम रतन, विजय पुत्र दुर्गा और अर्जुन पुत्र दुर्गा के रूप में हुई है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक विजय पुत्र दुर्गा पर 15 हजार रुपये और चांद पुत्र आकाश पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। स्थानीय पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
ये भी देखे: गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पंजाब का रहने वाला एक बदमाश ढेर, दूसरा घायल