शिक्षण संस्थानों में अव्यवस्था पर अधिकारियों की जवाबदेही तय हो, सीएम योगी ने दिए निर्देश

by Manu
CM YOGI

गोरखपुर, 20 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं और छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी शिक्षण संस्थानों से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ, आजमगढ़, महोबा, हमीरपुर और उन्नाव समेत कई जिलों में छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन को गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि शिक्षण संस्थानों में व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों को आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े। समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां कमियां मिलेंगी वहां जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

शिक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं पर निगरानी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ये अधिकारी संबंधित जिलों और शिक्षण संस्थानों में सामने आने वाली समस्याओं की निगरानी करेंगे और उनके समाधान की स्थिति पर रिपोर्ट भी रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। सरकार का जोर शिक्षण संस्थानों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और छात्रों की समस्याओं का समय पर निस्तारण करने पर है।

ये भी देखें: जनता दर्शन: लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों की सुनी पीड़ा, समाधान का दिया भरोसा

You may also like