पटना, 9 जून 2026: आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (UG) 2026 पुनर्परीक्षा (Re-examination) को पारदर्शी और अभेद्य सुरक्षा माहौल में संपन्न कराने के लिए बिहार सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है.
आज मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। परीक्षा के सफल संचालन हेतु “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए.
बैठक में मुख्य सचिव ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस महत्वपूर्ण विषय पर माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा पहले ही उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया जा चुका है।
राज्य सरकार हर हाल में इस परीक्षा को बिना किसी त्रुटि या विफलता के सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह आश्वस्त और दृढ़ संकल्पित है। नीट (UG) 2026 पुनर्परीक्षा की गोपनीयता और अभेद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग के समन्वय से भारतीय वायु सेना (IAF) के विशेष विमानों द्वारा प्रश्न-पत्रों को सीधे स्टेट हब्स तक सुरक्षित एयरलिफ्ट किया जाएगा। इस ऐतिहासिक तकनीकी एवं रणनीतिक बदलाव से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्र पहुँचाने की अवधि घटकर मात्र 2 से 3 घंटे रह जाएगी।
राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें कुल 1,56,061 परीक्षार्थी (छात्र: 81,165 और छात्राएं: 74,896) सम्मिलित होंगे।
सर्वाधिक 95 परीक्षा केंद्र पटना जिले में बनाए गए हैं, जहाँ सबसे अधिक 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इसके बाद दरभंगा में 16 केंद्रों पर 8,633 अभ्यर्थी, मुजफ्फरपुर में 13 केंद्रों पर 8,126 अभ्यर्थी, गया में 12 केंद्रों पर 6,894 अभ्यर्थी, सीवान में 12 केंद्रों पर 6,517 अभ्यर्थी और मोतिहारी में 13 केंद्रों पर 6,320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.
भागलपुर (15 केंद्र, 5,892 अभ्यर्थी), पूर्णिया (12 केंद्र, 4,880 अभ्यर्थी), बेतिया (8 केंद्र, 4,819 अभ्यर्थी), समस्तीपुर (7 केंद्र, 4,407 अभ्यर्थी), गोपालगंज (7 केंद्र, 3,906 अभ्यर्थी), हाजीपुर/वैशाली (11 केंद्र, 4,145 अभ्यर्थी), बेगूसराय (8 केंद्र, 3,868 अभ्यर्थी), नालंदा (7 केंद्र, 3,804 अभ्यर्थी), सासाराम/रोहतास (7 केंद्र, 3,598 अभ्यर्थी), सीतामढ़ी (6 केंद्र, 3,524 अभ्यर्थी) और मधुबनी (8 केंद्र, 3,314 अभ्यर्थी) में भी व्यापक व्यवस्था की गई है।
ये भी देखे: NTA कराएगा CUET UG 2026 की विशेष पुनर्परीक्षा, 3,765 छात्रों को मिलेगा मौका