पीयूसी सर्टिफिकेट के नियमों में बदलाव, BS-4 गाड़ियों को हर 6 महीने में कराना होगा PUC टेस्ट

by Manu
PUC test

चंडीगढ़, 20 नवंबर 2026: केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र यानी पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब सभी गाड़ियों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता एक जैसी नहीं होगी। बल्कि यह वाहन के भारत स्टेज एमिशन नॉर्म्स उम्र और कमर्शियल या प्राइवेट इस्तेमाल पर निर्भर करेगी। यानी किसी गाड़ी को तीन महीने किसी को छह महीने तो किसी को दो या तीन साल तक वैध पीयूसी सर्टिफिकेट मिल सकता है।

सरकार के नए फैसले के बाद जहां पुरानी गाड़ियों के लिए प्रदूषण जांच के नियम सख्त हो गए हैं वहीं नई बीएस-6 गाड़ियों के मालिकों को बड़ी राहत दी गई है। सरकार के नए राजपत्र के अनुसार पुरानी कैटेगरी की गाड़ियों की समय-सीमा तय कर दी गई है। बीएस-1 बीएस-2 और बीएस-3 वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट केवल 3 महीने के लिए ही मान्य होगा। जबकि सभी बीएस-4 गाड़ियों प्राइवेट और कमर्शियल दोनों को अब हर 6 महीने में अपना प्रदूषण सर्टिफिकेट रिन्यू कराना अनिवार्य होगा।

नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव बीएस-6 मानक वाली गाड़ियों के लिए किया गया है। इन्हें प्राइवेट और कमर्शियल दो कैटेगरी में बांटा गया है। रजिस्ट्रेशन की तारीख से 6 वर्ष तक की आयु वाले प्राइवेट वाहनों को हर 3 साल में एक बार पीयूसी बनवाना होगा। वहीं 6 से 10 साल पुराने वाहनों को हर 1 साल जांच करानी होगी। इसके अलावा 10 वर्ष से ज्यादा पुरानी बीएस-6 प्राइवेट गाड़ियों को हर 6 महीने में एक बार पीयूसी टेस्ट कराना होगा।

रजिस्ट्रेशन से 6 वर्ष तक की उम्र वाले कमर्शियल वाहनों के लिए सर्टिफिकेट हर 2 साल में एक बार बनवाना होगा। 6 से 10 वर्ष की अवधि के बीच हर 1 साल में एक बार रिन्यूअल जरूरी होगा। वहीं 10 साल पार कर चुके कमर्शियल वाहनों को भी हर 6 महीने में एक बार प्रदूषण जांच करानी होगी।

ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे

You may also like