ओडिशा में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी की साजिश नाकाम

by Manu
Cannabis seize

गजपति, 21 सितंबर 2026: ओडिशा के गजपति जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी के लिए जंगल में छिपाकर रखी गई एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की गांजा खेप जब्त कर तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया।

रविवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आदवा थाना पुलिस और सुरक्षा बलों ने गुलुबा पंचायत के अंतर्गत गालिमेरा गांव के पास घने जंगल में छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने 10 क्विंटल 75 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

पुलिस के अनुसार गांजे को 43 बोरियों में भरकर जंगल में छिपाया गया था और इसे अन्य राज्यों में भेजने की तैयारी चल रही थी। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस टीम ने अचानक अभियान चलाकर पूरे गांजा भंडार को जब्त कर लिया और तस्करी की योजना को विफल कर दिया। हालांकि छापामारी के दौरान आरोपित मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध गांजा तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापामारी और तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

ये भी देखे: जुलाना में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 128 किलोग्राम गांजा बरामद

You may also like