दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा- खालिस्तान जिंदाबाद

by Manu
दिलजीत दोसांझ

चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है। पुलिस कमिश्नर को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में कार्यक्रम स्थल पर ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है।

इस धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पुलिस अब इस धमकी भरे ईमेल की सत्यता जांचने और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक इस धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद के नारे के साथ मादवारा स्थित नाइस रोड ग्राउंड पर बम हमले की चेतावनी दी गई है जहां यह कॉन्सर्ट होना है। ईमेल भेजने वाले ने शो में शामिल होने वाले दर्शकों को भी हिदायत दी है कि वे अपने साथ बच्चों को न लाएं आईफोन पर आने वाली कॉल न उठाएं और मेट्रो से सफर न करें।

बेंगलुरु शो को मिली यह धमकी ऐसे समय में सामने आई है जब अहमदाबाद पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के पिछले कॉन्सर्ट से महंगे मोबाइल फोन चुराने वाले दिल्ली के एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपी खास तौर पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित शो में चोरी करने के इरादे से अहमदाबाद आए थे। लोकल क्राइम ब्रांच ने इन्हें दबोचकर इनके पास से 4.3 लाख रुपये कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये दोनों चोरी की करीब छह अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं।

ये नहीं देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे

You may also like