चंडीगढ़, 30 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज शुक्रवार को ऐलान कर दिया कि आम आदमी पार्टी पंजाब चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा शनिवार को कर देगी। कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट शनिवार को जारी कर दी जाएगी।
आज दिल्ली में केजरीवाल के घर पर आम आदमी पार्टी की पार्लियामेंट्री कमेटी की मीटिंग हुई। इसमें चुनाव की रणनीति पर विचार हुआ। उम्मीदवारों के नामों के जो पैनल पंजाब यूनिट की तरफ से भेजे गए थे उस पर राय मशविरा हुआ। तय किया गया कि पार्टी भगवंत मान की सरकार के पांच साल के कामकाज को घर-घर तक पहुंचाएगी।
पार्टी ने पिछले चुनाव में जो वादे किए थे उनमें से ज्यादातर वादे पूरे हो गए हैं। इन स्कीम्स का फायदा जिन लोगों को मिल रहा है उन्हें पार्टी के साथ जोड़ेगी। मीटिंग के बाद भगवंत मान ने कहा कि पार्टी ने ग्राउंड सर्वे कराया है। सर्वे में जिन ईमानदार लोगों के नाम सामने आए हैं पार्टी उन्हें टिकट देगी। भगवंत मान ने कहा कि ज्यादातर सीट पर उम्मीदवारों के नाम तय हो गए हैं। शनिवार को कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट सामने आ जाएगी।
माना जा रहा है कि पंजाब में बीजेपी और अकाली दल मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं। अमित शाह भी गठबंधन के संकेत दे चुके हैं। सुखबीर बादल भी कह चुके हैं कि अकाली दल समान विचारधारा वाली पार्टी से हाथ मिलाने को तैयार है इसलिए आज भगवंत ने कहा कि अकाली और बीजेपी साथ-साथ आएंगे। इस पर उन्हें कोई आश्चर्य नहीं है। वो तो ये देखना चाहते हैं कि अमित शाह विक्रम मजीठिया के साथ मंच पर बैठकर नशे के खिलाफ बड़े-बड़े दावे किस मुंह से करेंगे।
ये भी देखे: पटियाला के राजेंद्र जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में दो-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन